अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, खगड़िया द्वारा बाल सुधार गृह, खगड़िया (बिहार) में 5 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, संस्कार एवं व्यक्तित्व जागरण कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल सुधार गृह में रह रहे किशोरों के अंतर्मन में सकारात्मक चिंतन, आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारित जीवन के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। बाल सुधार गृह में रह रहे बच्चों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए यज्ञीय वातावरण का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत 5 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ सम्पन्न कराया गया, जिसमें उपस्थित सभी बालकों ने यज्ञ में आहुति अर्पित करते हुए अपने जीवन को श्रेष्ठ दिशा देने, दुर्व्यसनों से दूर रहने तथा अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया। यज्ञ के दौरान वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा एवं सकारात्मक भावनाओं से ओत-प्रोत हो उठा। इस अवसर पर प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के वक्ताओं ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर असीम संभावनाएँ छिपी होती हैं। जीवन में हुई गलतियाँ भविष्य का निर्धारण नहीं करतीं, बल्कि उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना ही वास्तविक सफलता का मार्ग है। बच्चों को आत्मविश्वास, शिक्षा, स्वावलंबन, समय के सदुपयोग एवं अच्छे संस्कारों के महत्व पर प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही उन्हें यह संदेश भी दिया गया कि सकारात्मक सोच, नियमित स्वाध्याय एवं श्रेष्ठ संगति के माध्यम से जीवन में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, सक्रिय महिला मंडल कार्यकर्ताओं ने बच्चों को प्रेरणादायी संदेश प्रदान करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। बाल सुधार गृह प्रशासन ने इस प्रकार के संस्कारात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों के मानसिक, नैतिक एवं भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्माण एवं समाजोत्थान के कार्यों में योगदान देने का संकल्प लिया। ✨ संस्कार से सुधार, सुधार से निर्माण ✨ जागृत चेतना ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है ✨ श्रेष्ठ युवा – श्रेष्ठ समाज – श्रेष्ठ राष्ट्र 🙏🏻🔥🇮🇳