🌳 133वाँ साप्ताहिक वृक्षारोपण अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न 🌳 ☘️युवा प्रकोष्ठ कटिहार अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज, हरिद्वार के तत्वावधान में संचालित "वृक्ष गंगा अभियान" के अंतर्गत 133वाँ साप्ताहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आदर्श मध्य विद्यालय, सिसिया के प्रांगण में 81पेड़ उत्साहपूर्वक लगाया गया । ☘️ कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, सभी शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर पौधारोपण किया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प भी दोहराया। 🍁 इस अवसर पर युवा प्रकोष्ठ कटिहार के कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल हमें ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि वर्षा चक्र को संतुलित रखने, जल संरक्षण, मिट्टी के कटाव को रोकने, जैव विविधता को सुरक्षित रखने तथा बढ़ते प्रदूषण एवं ग्लोबल वार्मिंग को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि आज हम अधिक से अधिक वृक्ष लगाएंगे और उनका संरक्षण करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। 🍁 बच्चों को प्रेरित करते हुए यह संदेश भी दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगाँठ अथवा किसी भी शुभ अवसर पर कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे। केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे एक वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। 🌺 कार्यक्रम के दौरान परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा चलाए गए युग निर्माण एवं विचार क्रांति आंदोलन के उद्देश्यों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि समाज परिवर्तन केवल बड़े कार्यों से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे रचनात्मक प्रयासों से भी संभव है। वृक्षारोपण, स्वच्छता, नशामुक्ति, शिक्षा, संस्कार एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्य समाज को नई दिशा देने का माध्यम हैं। युवा शक्ति यदि सकारात्मक कार्यों में आगे आए, तो राष्ट्र निर्माण का सपना साकार हो सकता है। 🌸 विद्यालय के शिक्षकगण ने युवा प्रकोष्ठ कटिहार द्वारा निरंतर चलाए जा रहे सामाजिक एवं पर्यावरणीय अभियानों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के समय में जहाँ अधिकांश लोग केवल अपने हितों तक सीमित रहते हैं, वहीं युवा प्रकोष्ठ कटिहार के युवा निःस्वार्थ भाव से समाज, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए कार्य कर रहे हैं। ऐसे प्रयास अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। 🌺 कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने यह सामूहिक संकल्प लिया कि वे अधिक से अधिक वृक्ष लगाएंगे, लगाए गए पौधों की रक्षा करेंगे तथा अपने परिवार और समाज को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करेंगे। "एक वृक्ष सौ पुत्र समान" "पेड़ हैं प्रकृति की शान, वृक्षारोपण से बनेगा देश महान।" युवा प्रकोष्ठ कटिहार गायत्री शक्तिपीठ मिरचाईबाड़ी कटिहार