वृक्ष गंगा अभियान का 141वाँ सप्ताह संपन्न, विद्यार्थियों ने लिया पौधारोपण का संकल्प कटिहार। अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई युवा प्रकोष्ठ कटिहार के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे साप्ताहिक वृक्ष गंगा अभियान का 141वाँ सप्ताह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) एवं +2 राजकीयकृत राजेन्द्र उच्च विद्यालय, कटिहार में विद्यालय की छात्राओं के साथ वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित साथियों को वृक्षारोपण के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया गया। युवाओं को बताया गया कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने जन्मदिन पर कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाएंगे तथा उसकी नियमित देखभाल करेंगे। युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर समाज में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक संदेश दिया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का संकल्प लें। युवा प्रकोष्ठ कटिहार द्वारा लंबे समय से प्रत्येक सप्ताह वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। “साँसें हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाएँ हम।” “एक वृक्ष—सौ पुत्र समान।” कार्यक्रम में युवा प्रकोष्ठ कटिहार के कार्यकर्ताओं एवं विद्यालय के विद्यार्थियों की सहभागिता रही।