वृक्ष गंगा अभियान के 143वें सप्ताह में विद्यार्थियों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प कटिहार। अखिल विश्व गायत्री परिवार, युवा प्रकोष्ठ कटिहार के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित संवर्धन के उद्देश्य से संचालित वृक्ष गंगा अभियान के अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामपुर, कोढ़ा, कटिहार में 143वाँ साप्ताहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा बढ़ती हरियाली की आवश्यकता के संबंध में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल एवं संरक्षण करने का संकल्प लिया। साथ ही सभी विद्यार्थियों ने अपने जन्मदिन पर कम-से-कम एक वृक्ष लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लिया। युवा प्रकोष्ठ कटिहार की ओर से लोगों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए संदेश दिया गया— “आइए, पौधा लगाएँ ही नहीं, उसे वृक्ष बनने तक बचाएँ।” युवा प्रकोष्ठ कटिहार गायत्री शक्तिपीठ, मिरचाईबाड़ी, कटिहार