अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में 13 जुलाई 2026 को प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, खगड़िया द्वारा गायत्री शक्तिपीठ, सीढ़ी घाट (सब्जी मंडी), खगड़िया में निःशुल्क 5 दिवसीय व्यक्तित्व परिष्कार साधना सत्र (PDC) बैच-7 का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण में लगभग 50 युवा भाई-बहनों ने संकल्प लेकर सहभागिता की तथा अपने व्यक्तित्व को निखारने का यह सुनहरा अवसर प्राप्त किया। भाई प्रतिभागियों के लिए पाँच दिनों तक गायत्री शक्तिपीठ परिसर में निःशुल्क आवासीय (Residential) व्यवस्था भी की गई। PDC के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व को संवारने, श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने तथा सकारात्मक जीवन-दृष्टि विकसित करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान पूज्य गुरुदेव द्वारा बताए गए जीवन के चार मूल सूत्र—साधना, स्वाध्याय, संयम एवं सेवा को जीवन में उतारने का रहस्य एवं उनकी व्यवहारिक उपयोगिता समझाई गई। प्रथम प्रातःकालीन सत्र में आदरणीय अमित भैया ने "छात्र जीवन में अध्यात्म एवं संकल्प का महत्व" विषय पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। तत्पश्चात आदरणीय रवि भैया द्वारा योग एवं प्राणायाम का व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया गया। आदरणीय शोभा माताजी ने PDC के उद्देश्य, अनुशासन एवं संकल्प की महत्ता पर प्रकाश डाला, जबकि आदरणीय पूर्णिमा माताजी ने स्वाध्याय, पुस्तकालय निर्माण तथा पूज्य गुरुदेव द्वारा रचित प्रेरणादायी साहित्य के नियमित अध्ययन के महत्व से प्रतिभागियों को अवगत कराया। यह साधना सत्र युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, संस्कार निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हो रहा है।