🌱 विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न 🌺 युवा प्रकोष्ठ कटिहार, अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा प्रकोष्ठ कटिहार एवं वन विभाग कटिहार के संयुक्त प्रयास से विश्व विख्यात गोगाबिल झील, मनिहारी (कटिहार) परिसर में संपन्न हुआ। 🍁 कार्यक्रम के दौरान युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लेकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। उपस्थित युवा भाईयो ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए वृक्षारोपण केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व की आवश्यकता बन गया है। ☘️ युवा प्रकोष्ठ कटिहार द्वारा निरंतर चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण अभियानों के माध्यम से समाज में हरित चेतना का प्रसार किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, भूमि संरक्षण तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
☘️ इस अवसर पर युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में यह संदेश पहुंचाना था कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए जन-जन की भागीदारी आवश्यक है तथा वृक्षारोपण को एक जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की मांग है। 🌳 कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा लगाए गए पौधों के संरक्षण के संकल्प एवं पर्यावरण संरक्षण के नारों के साथ हुआ।