खेरिया कोढ़ा, कटिहार। अखिल विश्व गायत्री परिवार, युवा प्रकोष्ठ कटिहार के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित संवर्धन के उद्देश्य से संचालित वृक्ष गंगा अभियान के अंतर्गत 144वाँ साप्ताहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम ज्ञानदीप कोचिंग, खेरिया कोढ़ा, कटिहार में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वृक्षों के पर्यावरणीय एवं सामाजिक महत्व के साथ-साथ पौधों के संरक्षण, नियमित सिंचाई एवं देखभाल के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों को केवल रोपित करने तक सीमित न रखते हुए उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षण एवं संवर्धन करने का संकल्प लिया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे अपने जन्मदिन के अवसर पर कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाएँ और उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करें। युवा प्रकोष्ठ कटिहार के कार्यकर्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने से नहीं, बल्कि उनकी निरंतर देखभाल और संरक्षण से ही संभव है। वृक्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, पर्यावरणीय संतुलन और स्वस्थ जीवन का आधार हैं। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं समाज के लोगों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित करने का आह्वान किया गया। युवा प्रकोष्ठ कटिहार गायत्री शक्तिपीठ, मिरचाईबाड़ी, कटिहार