सत्य साहित्य स्टॉल के माध्यम से गुरुदेव के विचारों का प्रसार अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई युवा प्रकोष्ठ कटिहार के तत्वावधान में प्रत्येक शनिवार की भांति इस शनिवार भी सत्य साहित्य स्टॉल का आयोजन किया गया। यह साहित्य स्टॉल अंबेडकर चौक, कटिहार में लगाया गया, जहाँ आने-जाने वाले लोगों, विद्यार्थियों एवं बुद्धिजीवियों को परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित साहित्य से परिचित कराया गया। युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने बताया कि इस साहित्य स्टॉल का मुख्य उद्देश्य गुरुदेव के विचारों एवं जीवनोपयोगी साहित्य को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना है। यहाँ उपलब्ध साहित्य केवल युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि हर वर्ग के व्यक्ति के लिए अच्छे विचार, सकारात्मक सोच और जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज के समय में युवा वर्ग इंटरनेट और सोशल मीडिया की ओर तेजी से आकर्षित हो रहा है। लगातार डिजिटल माध्यमों में व्यस्त रहने के कारण पढ़ाई, एकाग्रता और सकारात्मक चिंतन पर भी प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे समय में स्वाध्याय युवाओं के व्यक्तित्व विकास और मानसिक एकाग्रता के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साहित्य स्टॉल के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से अच्छी पुस्तकों का अध्ययन करने तथा गुरुदेव के विचारों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। युवा प्रकोष्ठ का यह प्रयास समाज में सकारात्मक विचारों एवं रचनात्मक चेतना के प्रसार की दिशा में लगातार जारी है। युवा प्रकोष्ठ कटिहार गायत्री शक्तिपीठ, मिरचाईबाड़ी, कटिहार