अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में गायत्री शक्तिपीठ, खगड़िया(बिहार) में "समाज निर्माण में प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका" विषय पर एक प्रेरणादायी प्रबुद्ध वर्ग गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, साहित्यकारों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, व्यवसायियों एवं अन्य प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सुंदर संगीत की भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ किया गया, जिससे संध्याकालीन सभा का वातावरण आध्यात्मिक एवं प्रेरणामय बन गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रुप में गायत्री परिवार, खगड़िया के ट्रस्टी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता- अरुण जायसवाल बाबूजी रहे। साथ ही अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता अतिथिगण अमोद कुमार, अरविंद प्रसाद 'हिमांशु' जी तथा डॉ. विद्यार्थी जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधनों के माध्यम से समाज निर्माण में प्रबुद्ध वर्ग के दायित्व, नैतिक नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा युग निर्माण अभियान में उनकी सक्रिय भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं के प्रेरणादायक उद्बोधन - एक सशक्त, संस्कारित एवं जागृत समाज का निर्माण केवल शासन की नीतियों से नहीं, बल्कि समाज के शिक्षित, विचारशील एवं उत्तरदायी नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से संभव है। आज आवश्यकता है कि प्रत्येक प्रबुद्ध नागरिक अपने ज्ञान, अनुभव, समय एवं संवेदनशीलता को समाजहित में समर्पित कर जनजागरण एवं राष्ट्र निर्माण के अभियान को गति प्रदान करे। गोष्ठी में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने अपने विचार एवं अनुभव साझा करते हुए सामाजिक समरसता, नैतिक जागरण, संस्कार संवर्धन तथा रचनात्मक सामाजिक परिवर्तन के विभिन्न आयामों पर सारगर्भित चर्चा की। सभी वक्ताओं के प्रेरणादायी उद्बोधनों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को अत्यंत सार्थक एवं प्रभावी बनाया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित प्रबुद्धजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए युग निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण के इस महान अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया। यह गोष्ठी समाज में सकारात्मक चिंतन, जनजागरण एवं रचनात्मक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई। "हम बदलेंगे, युग बदलेगा। हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा॥"✊️🙏